मुख्यमंत्री योगी ने कहा अब सभी मंत्री अपना टैक्स खुद चुकाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों से कहा कि आप लोग अपना टैक्स स्वयं चुकाएं। इसके साथ ही चार दशक पुराना चलन खत्म हो गया, जिसके अंतर्गत मंत्रियों का टैक्स राजकोष से भरा जाता था। इस संबंध में राज्य सरकार ने आदेश भी जारी कर दिया है।

आपको बता दे कि यह कानून 1981 में आया था। तब इसको लेकर मीडिया में अच्छी तरह से आलोचना की गई थी। इसके अनुसार मुख्यमंत्री और मंत्रियों को अपना इनकम टैक्स नहीं चुकाना होता था। उनका टैक्स राज्य सरकार द्वारा भरा जाता था। यह निर्णय राशन और फुटकर कानून 1981 के अंतर्गत लिया गया था।

कुछ समय पहले अखबारों में ऐसी खबरें भी आई थीं, जिसमें कई राजनेताओं ने कहा था कि उन्हें यूपी एक्ट के बारे में कोई जानकारी ही नहीं थी। उत्तर-प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि अभी तक सभी मंत्रियों का टैक्स राजकोष द्वारा भरा जाता था। लेकिन अब मुख्यमंत्री के नए आदेश के अनुसार सभी मंत्रियों को अपना टैक्स खुद चुकाना होगा

ये कानून जब आया, तब प्रदेश के मुख्यमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह थे। तब से लेकर अब तक राज्य में 19 मुख्यमंत्री आए और करीब 1 हजार मंत्री रहे। जिन मुख्यमंत्रियों ने अपना टैक्स बचाया उनमें सभी पार्टियों के नेता शामिल हैं। इनमें मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, मायावती, कल्याण सिंह, राम प्रकाश गुप्ता, राजनाथ सिंह, श्रीपति मिश्रा, वीर बहादुर सिंह और एनडी तिवारी का नाम शामिल है। इसके साथ ही वित्त मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष के अंतर्गत प्रदेश सरकार ने मंत्रियों के टैक्स के तौर पर 86 लाख रुपए का भुगतान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *